बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों में युवा और कॉलेज छात्र अधिक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यातायात पुलिस की सख्ती के बावजूद मिलेनियम सिटी में दोपहिया वाहन चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। वे बिना हेलमेट लगाए स्कूटी व बाइक दौड़ाते हैं, जिससे अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं। पुलिस लगातार अभियान चलाकर रोजाना सैकड़ों चालान काट रही है। इसके बावजूद वाहन चालकों में कानून का कोई डर नहीं दिख रहा। वर्ष 2026 के मई से अगस्त तक यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट और तीन सवारी के 2,92,866 चालान काटे थे। इनमें 1,46,163 चालान पीछे बैठने वाली सवारियों के खिलाफ थे। सितंबर माह में बिना हेलमेट के 8,447 चालान हुए हैं। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों में युवा और कॉलेज छात्र अधिक हैं। वे स्टंटबाजी और स्टाइलिश दिखने के लिए हेलमेट घर छोड़ देते हैं या वाहन पर टांगकर चलते हैं।
बिना हेलमेट लगाकर दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के चालान काटे जा रहे हैं और जुर्माना लगाया जाता है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
- सत्यपाल यादव (यातायात मुख्यालय/हाईवे), गुरुग्राम।