संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (जीआईए) के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी वेस्ट करण गोयल से मुलाकात कर उन्हें आईपीएस पद पर पदोन्नति की बधाई दी। इस दौरान जीआईए सदस्यों ने उन्हें पौधा भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में जीआईए अध्यक्ष सुमित राव ने शहर में बढ़ रही जेबकतरी और चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है।
निवर्तमान अध्यक्ष जे एन मंगला ने रात के समय महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। साथ ही कमला नेहरू पार्क में दो सुरक्षा कर्मी तैनात करने का सुझाव दिया ताकि असामाजिक तत्वों पर रोक लगाई जा सके। महासचिव संजीव बंसल ने ट्रैफिक व्यवस्था, उद्योगों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से इन समस्याओं पर जल्द और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। इस पर डीसीपी वेस्ट करण गोयल ने भरोसा दिलाया कि सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।