सीएम नायब सिंह सैनी से मिली गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ स्थित हरियाणा भवन में मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से बिजली निगम द्वारा बढ़ाए गए टैरिफ, नए फिक्स चार्ज और बिजली संबंधित अन्य समस्याओं पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल में संगठन के पूर्व अध्यक्ष जेएन मंगला, अध्यक्ष सुमित राव, महासचिव संजीव बंसल शामिल थे। प्रतिनिधियों ने कहा कि बिजली निगम द्वारा फिक्स चार्ज लगाने और टैरिफ बढ़ाए जाने के कारण एमएसएमई उद्योगों की कमर टूट गई है, इसको वापस लिया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के बजट प्रस्तावों में उद्यमियों के लिए की गई घोषणाओं को पूरा कराने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया। प्रतिनिधिमंडल ने इसमें अनियमित उद्योग क्षेत्र को नियमित किया जाना, हर औद्योगिक क्षेत्र में इंक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जाने, डिस्पेंसरी, मल्टीलेवेल पार्किंग, स्टार्ट अप को बढ़ावा दिए जाने जैसी बजट घोषणाओं को अमल करने का अनुरोध किया।
एनसीआर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री संगठन ने 65 प्रतिशत की वृद्धि वापस लेने की मांग की
गुरुग्राम के एनसीआर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष एचपी यादव ने भी अपने संगठन का प्रतिनिधित्व करते हुए सीएम से मुलाकात की। एचपी यादव ने सीएम को बताया कि बिजली के स्थायी शुल्क और टैरिफ बढ़ाए जाने के कारण उद्यमियों को काफी परेशानी हो रही हैं। बिजली बिलों पर करीब 65 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिसे वापस लेने की मांग उन्होंने की। गुरुग्राम के उद्योगों की अन्य समस्याओं को भी इस बैठक में उन्होंने अवगत कराया।