विधायक मुकेश शर्मा ने दिल्ली के डीआरएम को रेलमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। विधायक मुकेश शर्मा ने नॉर्दन रेलवे दिल्ली डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें गुड़गांव रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर गुरुग्राम रेलवे स्टेशन करने की मांग है। दूसरा वंदे भारत एक्सप्रेस विस्तार की मांग है।
विधायक ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि केंद्र सरकार ने 2016 में गुड़गांव का आधिकारिक नाम गुरुग्राम किया जा चुका है लेकिन रेलवे स्टेशन का नाम अभी तक नहीं बदला गया है। उन्होंने आग्रह किया कि स्टेशन का नाम बदलकर गुरुग्राम रेलवे स्टेशन किया जाना चाहिए जिससे शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को भी उचित सम्मान मिलेगा। दूसरी मांग के अनुसार उन्होंने दिल्ली से कटरा (माता वैष्णो देवी) तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार गुरुग्राम तक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रारंभिक या अंतिम स्टेशन गुरुग्राम को बनाया जाता है, तो इससे यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक होगी।