-, 15 गांवों के लोगों ने उठाई आवाज, वर्षों से यात्री झेल रहे परेशानी
सद्दाम हुसैन
पिनगवां । सुबह-शाम सड़क किनारे घंटों खड़े होकर बस का इंतजार, सिर पर तपती धूप, साथ में बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चे-यह नजारा रोजाना पिनगवां कस्बे में देखने को मिलता है। लंबे समय से बस स्टॉप की सुविधा नहीं होने के कारण आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से जल्द बस स्टॉप बनवाने की मांग तेज कर दी है।
क्षेत्र के हिदायत खान, रफीक खान, आबिद खान, मुबीन, आरिफ, शौकत अली, ऋषि पंडित, लियाकत अली, लेखराज और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पिनगवां कस्बे में एक व्यवस्थित बस स्टॉप की सख्त जरूरत है। वर्तमान में बस यात्रियों को सड़क किनारे या बाजार के बीच खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। गर्मी के मौसम में तेज धूप और बारिश के दिनों में यह परेशानी और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग और नौकरीपेशा लोग बसों से सफर करते हैं, लेकिन बैठने या छांव की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे यात्रियों को काफी दिक्कत उठानी पड़ती है।
पिनगवां खंड के रहपुवा, मरोड़ा, ढाणा, खानपुर घाटी, तेड़, काटहेड़ी, अकबरपुर, पापड़ा, झीमरावट, ढाढ़ोली, झारपुरी और बसई खजादा समेत करीब 15 गांवों के लोग इस बस स्टॉप की सुविधा का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए पिनगवां कस्बे में जल्द बस स्टॉप का निर्माण कराया जाए, ताकि हजारों लोगों को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो वे सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों तक अपनी मांग पहुंचाएंगे।
………
हमारे पास ऐसी कोई मांग नहीं आई है। यदि लोगों की ओर से कोई मांग आती है तो उस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
- प्रदीप कुमार, जीएम, हरियाणा रोडवेज नूंह