पुन्हाना। बकरीद (ईद-उल-जुहा) पर्व के मद्देनजर पुन्हाना क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन भेजकर जिले में तीन दिन तक निर्बाध बिजली और पानी की आपूर्ति कराने की मांग उठाई है। ज्ञापन एसडीएम कार्यालय पुन्हाना के माध्यम से भेजा गया।
तौसिफ खान, अजहरुद्दीन, फारूक, ज्ञापन में कहा गया है कि आगामी 28 मई से 30 मई तक बकरीद का पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान भीषण गर्मी के चलते बिजली और पानी की आवश्यकता अधिक रहती है। नूंह जिला मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली-पानी उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले दिनों लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण लोगों को बिजली कटौती और पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में त्योहार के समय यदि पर्याप्त व्यवस्था नहीं रही तो आमजन को दिक्कतें उठानी पड़ सकती हैं। लोगों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर त्योहार के दौरान सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं। संवाद