गुरुग्राम। खाने की डिलीवरी करके एनएच-48 से दिल्ली में बाइक से अपने घर लौट रहे एक युवक को डंपर चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से सफदरजंग के लिए रेफर किए गए घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
पीतमपुरा (दिल्ली) की रहने वाली सैराजुन निशा ने बताया कि उसके पति सम्तुल्लाह गुरुग्राम में खाने की डिलीवरी का काम करते थे। 19 अप्रैल की शाम को वह एनएच-48 से घर के लिए लौट रहे थे। मार्ग में एंबीयस मॉल के पास तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल उसके पति को पुलिस ने गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सफदरजंग में इलाज के दौरान उसके पति की शुक्रवार को मौत हो गई। सैराजुन निशा की तहरीर पर पुलिस ने डंपर चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी चेक किया जा रहा है।