- गुरुग्राम में चार जगहों पर एक लाख रुपये प्रति गज से ज्यादा के कलेक्टर रेट
- सिविल लाइंस से जेल रोड और सेक्टर 28 में 30 फीसदी तक बढ़ाए दाम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम।
शहर में अपने घर के लिए जमीन खरीदने वालों को सबसे ज्यादा कलेक्टर रेट दिल्ली रोड, महरौली रोड और डीएलएफ फेज-2 के लिए चुकाने होंगे। दिल्ली रोड पर निवासीय श्रेणी की जमीन के लिए कलेक्टर रेट 1.41 लाख रुपये से बढ़ाकर 1,77,125 रुपये प्रति गज कर दिए गए हैं, जबकि डीएलएफ- फेज 2 में 1,15,100 रुपये से बढ़ाकर 1,49,630 रुपये का रेट किया गया है। इनके अलावा सेक्टर 28, सिविल लाइंस से जेल रोड के बीच निवासीय जमीन के लिए 30 फीसदी कलेक्टर रेट बढ़ाया गया है।
प्रदेश सरकार ने एक अगस्त से नए कलेक्टर रेट लागू किए हैं। इसमें निवासीय श्रेणी में 30 फीसदी तक तो कृषि भूमि के कलेक्टर रेट 50 फीसदी तक बढ़ा दिए हैं। लोगों ने इस पर आपत्ति की है और इसे जेब पर बोझ करार दिया है। गुरुग्राम तहसील में डीएलएफ फेज दो में रेट 1,15,100 रुपये वर्ग गज से बढ़कर 1,49,630 वर्ग गज हो गया है। यानि इस एरिया में 30 फीसदी रेट बढ़ा है। वहीं, व्यावसायिक में 2,27,800 वर्ग गज से बढ़कर 2,61,970 रुपये वर्ग गज हो गया है। मोलाहेडा में आवासीय में 30 फीसदी, मारुति इंडस्ट्रियल एरिया में उद्योग विहार एक से पांच, सेक्टर 18 व 35 में भी 30 फीसदी का कलेक्टर रेट बढ़ाया गया है।
गु़रुग्राम में यहां घर के लिए जमीन सबसे महंगी
जगह पुराने रेट नए रेट
दिल्ली, महरौली रोड 1,41,700 1,77,125 रुपये
डीएलएफ- फेज दो 1,15,100 1,49,630
सिविल लाइंस से जेल रोड 77,100 1,00,320 रुपये
सेक्टर 25 96,800 1,21,000 रुपये
सेक्टर 15 74,800 93,500 रुपये
सेक्टर 28 71,600 93,080 रुपये
पालम विहार 64,000 73,600 रुपये
सेक्टर 22 57,700 72,125 रुपये
25 से 30 फीसदी रेट इन जगहों पर बढ़े
नए कलेक्टर रेट में सेक्टर 25 में आवासीय और व्यावसायिक का रेट 25-25 फीसदी बढ़ाया गया है। न्यू गुरुग्राम के सेक्टर 104, 106 और 109-115 में आवासीय पर 25 फीसदी कलेक्टर रेट बढ़ा है। सेक्टर 22-23ए में आवासीय 25, सेक्टर 27 में बीस और सेक्टर 28 में 30 फीसदी बढ़ाया गया है। हालांकि अनामिका एन्क्लेव में आवासीय क्षेत्र में 30 फीसदी बढ़ा है। सेक्टर 21 में 20 और सेक्टर 22 में भी 25 फीसदी तक रेट बढ़ाया गया है। अन्य जगहों पर दस से 20 फीसदी तक रेट बढ़े है। वजीराबाद तहसील क्षेत्र में आने वाले डीएलएफ फेज एक से दो में आवासीय व व्यावसायिक में 20 फीसदी कलेक्टर रेट बढ़ाया गया है। जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव ने बताया कि नए कलेक्टर रेट पोर्टल पर अपडेट कर दिए गए हैं। 70 से अधिक सुझाव-आपत्तियां आने के बाद कलेक्टर रेट में संशोधन किया गया है। खेड़कीदौला निवासी महाराम यादव ने बताया कि कलेक्टर रेट बढ़ने से लोगों को जमीन और संपत्ति खरीदने में अधिक पैसे देने होंगे।
बादशाहपुर में 50 फीसदी बढ़ा
बादशाहपुर में सबसे अधिक हुडा सेक्टर में कलेक्टर रेट 50 फीसदी बढ़ाया गया है। सेक्टर 47 में आवासीय में 30 फीसदी और व्यावसायिक में दस फीसदी बढ़ा है। सेक्टर 63, 63 ए, 64, 67, 67 ए, 68, 75 व 78 में आवासीय में 30 फीसदी बढ़ाया है। सेक्टर 62, 65, 66, 69, 70,71 व 72 में आवासीय में 29 बढ़ाया गया है। फर्रुखनगर तहसील में सिवाडी गांव में कृषि चाही में सबसे अधिक 45 फीसदी प्रति एकड़ की बढ़ोतरी की गई है। खुर्रुमपुर में कृषि चाही में 40 फीसदी रेट बढ़ाया है। सोहना में 10 से 20 फीसदी बढ़ाया गया है। मानेसर व पटौदी में भी दस से बीस फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। कादीपुर तहसील में सबसे अधिक रेट धनवापुर गांव में बढ़ाया गया है। यहां पर आवासीय व कृषि में 30-30 फीसदी बढ़ाया गया है। हरसरु तहसील में भी 10 से 22 फीसदी तक रेट बढ़ाए हैं।