इंजीनियरिंग विंग की बैठक में निगम आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। निगम प्रवक्ता
निगम के विकास कार्यों की नियमित फील्ड जांच और एस्टीमेट से पहले साइट क्लियरेंस सर्टिफिकेट अनिवार्य
नंबर गेम - 50 लाख से अधिक के कार्यों की सैंपल रिपोर्ट भेजना अनिवार्य
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कड़े निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया। अब एस्टीमेट से पहले साइट क्लियरेंस सर्टिफिकेट अनिवार्य होगा।
लापरवाह एजेंसियों को एक सप्ताह में नोटिस जारी होगा। इसके बाद उन पर पेनल्टी लगाने, ब्लैकलिस्ट करने और अनुबंध समाप्त करने जैसी कार्रवाई की जाएगी। 50 लाख रुपये से अधिक के कार्यों की सैंपल रिपोर्ट निगमायुक्त कार्यालय में भेजनी होगी। निगमायुक्त ने शहर में पार्क, लाइब्रेरी और स्वीमिंग पूल जैसी नागरिक सुविधाओं के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। सभी जूनियर इंजीनियरों को अपने वार्डों में विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। सहायक और कार्यकारी अभियंता भी मौके पर जाकर कार्यों की जांच करेंगे।
निगमायुक्त ने 30 वर्ष पुरानी पेयजल और सीवर लाइनों को बदलने का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। ठेकेदारों के लिए कार्य की गुणवत्ता और अनुबंध शर्तों पर एक विशेष वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। शहर की सभी सड़कों का सर्वे कराने को भी कहा गया है। सड़क सुधार के कार्य जनवरी में शुरू होकर मई के अंत तक पूरे करने का लक्ष्य है।