- नई आरसीसी दीवार बनाने या इमारत तोड़ने पर संशय, तीन मकानों को खाली रखने के निर्देश अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। सुशांतलोक-1 के सी-ब्लॉक में निर्माणाधीन इमारत की दीवार में दरार आने और झुकाव होने के मामले में अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। 19 अक्तूबर को पास के खाली प्लॉट में नींव के लिए मिट्टी की खोदाई के बाद यह स्थिति बनी थी। अब नगर योजनाकार प्रवर्तन (डीटीपीई) विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की जांच के बाद ही तय होगा कि इमारत के साथ नई दीवार बनाई जाएगी या इसे तोड़ा जाएगा। बुधवार दोपहर निर्माणाधीन इमारत के मालिक संदीप सिंगला और शक्ति ठाकरान तथा प्लॉट मालिक अंशुल गोगिया मौके पर पहुंचे। जिन तीन मकानों को खाली कराया गया है, उनमें रहने वाले तरुण चोपड़ा, उनके भाई और अन्य लोग भी मौजूद रहे। इमारत में दरार और झुकाव की स्थिति देखने के लिए इंजीनियर को भी बुलाया गया। इंजीनियर ने कहा कि जांच के बिना इमारत की स्थिति पर पुख्ता राय देना संभव नहीं है। उनके अनुसार, दीवार के साथ मजबूत आरसीसी दीवार बनाने से झुकाव रोकने में मदद मिल सकती है। निर्माणाधीन इमारत के मालिकों ने नगर योजनाकार विभाग के अधिकारियों से भी मुलाकात की। डीटीपीई अमित मधोलिया ने कहा कि जांच के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सुरक्षा मानकों पर होगा फैसला- सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन मोहित शर्मा ने बताया कि इमारत के स्ट्रक्चर का ऑडिट और निरीक्षण किया जाएगा। दरारों, झुकाव और मजबूती का आकलन होगा। इमारत सुरक्षित मिलने पर अतिरिक्त दीवार बनाने पर विचार किया जाएगा। सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरने की स्थिति में इसे तोड़ने का निर्णय लिया जा सकता है। सुशांतलोक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमन ने बताया कि संबंधित विभागों की जांच पूरी होने तक इमारत और आसपास के तीनों मकानों को खाली रखा जाएगा।