- चिप रगड़ने के बहाने युवक ने कार्ड बदला, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे व्यक्ति को मदद के बहाने झांसे में लेकर एक युवक ने उसका डेबिट कार्ड बदल दिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के खाते से 23,900 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर खेड़कीदौला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऊंचा माजरा गांव निवासी रविंद्र ने पुलिस को बताया कि वह 8 अगस्त को खेड़कीदौला स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम बूथ पर रुपये निकालने गए थे। एटीएम में कार्ड डालने पर वह स्वीकार नहीं हुआ। इसी दौरान वहां एक युवक पहुंचा और उसने मदद करने की बात कही। युवक ने रविंद्र से डेबिट कार्ड की चिप को रगड़ने के बाद दोबारा मशीन में लगाने के लिए कहा। आरोप है कि युवक ने रविंद्र को बातों में उलझाकर चिप रगड़ने के बहाने उनका डेबिट कार्ड बदल लिया और उसके स्थान पर दूसरा कार्ड दे दिया। कुछ समय बाद पीड़ित के आईसीआईसीआई बैंक खाते से 23,900 रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने का पता चलने पर रविंद्र ने पुलिस को शिकायत दी।
जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।