तावडू। हसनपुर गांव में जमीन विवाद में दंपती पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस ने पीड़िता महिला के बयान पर तीन आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मूर्ति देवी पत्नी सुनील कुमार निवासी गांव हसनपुर ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 18 वर्षों से अपने परिवार सहित दिल्ली में रह रही थीं, लेकिन अब वह पुश्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण करवाना चाह रही थीं। लेकिन बीते 24 मई को गांव के ही तीन लोग सुरेश, बिल्लू और लीलू ने निर्माण कार्य करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि जब पीड़िता 1 जून को पति के साथ जमीन पर मौजूद थीं, तो तीनों आरोपी लाठी, तेजधार हथियार और ईंटें लेकर पहुंचे और हमला कर दिया। जिसमें दोनों घायल हो गए। दोनों को सरकारी अस्पताल तावडू में भर्ती कराया गया, जहां से मूर्ति देवी को मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। संवाद