सोहना। सोहना-गुरुग्राम मार्ग पर रविवार को सोहना ढाणी मोड़ के पास खाली पड़े खेत में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए गुरुग्राम नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।
सुबह एक कबाड़ बीनने वाले व्यक्ति को 30 वर्षीय युवक का शव दिखाई दिया। पास के एक ढाबा संचालक को जानकारी दी। उसने यह जानकारी जमीन मालिक को दी। जिसने पुलिस को शव के बारे में सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या कर शव को यहां पर फेंका गया है। शव करीब एक सप्ताह पुराना लग रहा है।