यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन ने मानेसर, बिलासपुर चौक और राठीवास कट का निरीक्षण किया।
इस दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने एनएचएआई अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर जर्सी बैरिकेड्स के स्थान पर प्लास्टिक बैरिकेड्स लगाए जाएं। बिना किसी अनुमति के किसी भी प्रकार का डायवर्जन न किया जाए और सड़क पर मौजूद गड्ढों को शीघ्र भरकर मरम्मत कार्य पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय/हाईवे सत्यपाल यादव, एचपीएस, टीपीएस-1 के एसएचओ निरीक्षक अवतार सहित यातायात पुलिस स्टाफ और एनएचएआई के प्रतिनिधि अरूणीश आशीष (एएचई) और प्रोजेक्ट मैनेजर मंदीप जागलान भी मौजूद रहे।
यातायात के सुचारु संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक मार्शल तैनात किए जाएं और सर्विस लेन को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उचित पैदल यात्री क्रॉसिंग, साइनेज और मोड़ों को चरणबद्ध और मानक के अनुसार विकसित करने के निर्देश भी जारी किए गए। डीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, सड़क अनुशासन एवं निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई करती रहेगी।