17 जुलाई को पीएम की रैली में न जाने की भी दी धमकी, जांच में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
नंबर गेम- 09 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले के डीसी ऑफिस व नौ निजी स्कूलों को सोमवार को ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सभी जगहों से सूचना मिलते ही पुलिस टीमें, बम स्क्वॉड व डॉग स्कवॉड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद इसे हॉक्स ईमेल करार दिया गया। साइबर पुलिस भी अपने स्तर पर मामले में जांच कर रही है।
गुरुग्राम के डीसी ऑफिस, ब्लू बेल्स सेक्टर-10, सेक्टर-4, पाथवेज, एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, डीपीएस सेक्टर-45, जीडी गोयनका, साल्वान पब्लिक स्कूल, एयर फोर्स स्कूल सेक्टर-14, केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-14 को ये धमकी भरी ईमेल सोमवार सुबह मिली। जैसे ही इन संस्थानों के ऑफिस सुबह खुले और ईमेल चेक की गई तो वो देखते ही पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस, अपराध शाखा टीमें, बम स्कवॉड व डॉग स्कवॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। सुबह 10 बजे से पुलिस को इन संस्थानों की ओर से सूचना मिलना शुरू हुआ और दोपहर लगभग ढाई बजे तक सूचना मिलती रही।
कुछ स्कूल खाली कराए गए तो कई स्कूलों ने छुट्टी के समय पर देखी ईमेल
सेक्टर-4 ब्लू बेल्स स्कूल में सुबह लगभग साढ़े 10 बजे ईमेल चेक करते ही पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद संबंधित टीमें मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर स्कूल को खाली कराया गया। परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें स्कूल से बच्चों को ले जाने को भी कहा गया। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चों को ले गए। कई स्कूलों में ऐसा ही किया गया। एक-दो स्कूल ऐसे भी रहे जहां छुट्टी के समय पर 2 से ढाई बजे के दौरान भी ईमेल चेक कर पुलिस को सूचना दी गई तो टीमें यहां पर पहुंची और जांच की।
खालिस्तान आर्मी फोर्स की ओर से भेजी गई धमकी भरी ईमेल
बम की सूचना वाली ये ईमेल खालिस्तान आर्मी फोर्स की ओर से भेजी गई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जींद में प्रस्तावित दौरे को लेकर भी हरियाणा के लोगों को चेतावनी व धमकी दी गई। इसके लिए ईमेल भी लिखा गया कि लोग इस रैली में शामिल न हों। इसके साथ ही सतलुज मूवी को सपोर्ट करने का भी लोगों से आह्वान किया गया।
-
कई संस्थानों को धमकी भरी ईमेल मिली है। प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जांच में टीम लगाई गई हैं और ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। -गौरव फौगाट, साइबर क्राइम, एसीपी