गुरुग्राम। प्रदेश सरकार दावे करती रही है कि गुरुग्राम में बिजली की कोई कमी नहीं है, लेकिन इस सबके बावजूद इन दिनों हो रही अघोषित कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। दिन हो या रात कई घंटे तक बिजली नहीं आती है, बिजली घर पर फोन करें तो कोई जवाब नहीं देता है। बिजली अफसरों के मोबाइल नंबर भी नहीं उठ रहे हैं।
लोगों का कहना है कि आंधी और बारिश के मौसम में तो मान लिया जाए कि तार टूट गए होंगे। इस कारण बिजली गुल हो गई लेकिन यहां तो जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई घंटों तक बिजली नहीं आती है। सुबह और शाम के समय बिजली न आने के कारण पानी का संकट खड़ा हो जाता है। क्योंकि घरों की टंकियों में पानी चढ़ाने के लिए मोर्टर भी नहीं चल पाती है। इसकी वजह से पूरे दिन बिना पानी के रहने के लिए मजबूर होते हैं।
इन परिस्थितियों में लोग नगर निगम तथा अन्य संस्थानों को रुपये देकर पानी के टैंकर मंगाने के लिए मजबूर हैं।
यह स्थिति शहर के सेक्टर 15, 46, 86, 56, खांडसा, रेल विहार, उद्योग विहार, बादशाहपुर, न्यू कॉलोनी, सहित एक दर्जन सेक्टरों की है। इस बारे में आरडब्लूए के पदाधिकारियों की ओर से बिजली निगम के उच्च अधिकारियों तक कई बार शिकायत की जा चुकी है। ज्ञापन भी दिए जा चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं होता।