सेक्टर-69 में बनी इमारतों पर खतरा, लोग रिश्तेदारों के घर जाने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-69 में लोगों के मकान खतरे में आ गए हैं। यहां चल रहे एक प्रोजेक्ट से मिट्टी ढह गई, जिससे आसपास के मकानों की नींव कमजोर हो गई है। इस वजह से वहां रहने वाले लोग अपने मकान खाली कर रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के पास जाने को मजबूर हो गए हैं। निर्माण होने वाली जगह के आसपास वाले मकानों को प्रशासन द्वारा सील कर दिया है। हादसे के तीन दिन बाद मौके पर हालात यह हैं कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को वहां पर जाने नहीं दिया जा रहा है लेकिन बिल्डर की ओर से निर्माण कार्य चल रहा है।
लोगों का कहना है कि बिल्डर ने काम के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया। लगातार मिट्टी खिसकने से करीब 100 गज से ज्यादा जमीन पर बने मकान और झुग्गियां प्रभावित हो गई हैं। कई घरों को खाली कराना पड़ा। परेशान परिवारों को तत्काल जगह खाली करके जाना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 100 गज जमीन धंस चुकी है और हालात ऐसे ही रहे तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि खतरे की स्थिति दिन-ब-दिन बढ़ रही है। लोगों ने मांग की है कि जिला प्रशासन तुरंत मौके पर जांच करे और खतरे को दूर करने के लिए कदम उठाए। इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद निर्माण कार्य अभी भी चल रहा है।