वजीरपुर-गुरुग्राम रोड पर हुआ हादसा, फर्रुखनगर थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। फर्रुखनगर थाना के अंतर्गत वजीरपुर-गुरुग्राम रोड पर 29 अगस्त की रात को अज्ञात वाहन ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक के भांजे मनीष कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सड़क हादसे में मौत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
मृतक की पहचान हरसरू गांव निवासी अजयपाल (42) के रूप में हुई है। वे खेटावास गांव के पास स्थित वी-2 कंपनी में हेल्पर के तौर पर नौकरी करता था। 29 अगस्त की रात करीब 10 बजे कंपनी से छुट्टी होने के बाद अजयपाल साइकिल पर सवार होकर मुबारिकपुर गांव में अपनी बहन के घर जा रहा था। खेटावास गांव स्थित निक्की ढाबा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल को टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार सड़क पर गिर गया और उसके सिर व मुंह पर गंभीर चोटें आईं। वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस कंट्रोल रूम को हादसे के बारे में सूचना दी। जिसके बाद फर्रुखनगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस घायल को लेकर सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रविवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अब तक साइकिल को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
- देवेंद्र कुमार, जांच अधिकारी, फर्रुखनगर थाना