50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले चार गिरफ्तार
- मिठाई की दुकान पर गोली चलाकर मांगी थी रकम
-एक आरोपी को जेल भेजा, तीन को रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मिठाई की दुकान पर गोलियां चलाकर फोन पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मुख्य आरोपी व उसके साथी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से एक आरोपी को जेल भेज दिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल को फर्रूखनगर स्थित राधे स्वीट्स पर अज्ञात व्यक्तियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। 24 अप्रैल को दुकानदार को फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले की जांच अपराध शाखा फर्रूखनगर एसआई सुरेश कुमार को सौंपी थी। टीम ने गुप्त सूत्रों से सूचना के आधार पर मेरठ निवासी राहुल, विजय उर्फ पंकज, मन्नू व जुडौला गुरुग्राम निवासी परमजीत को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया जहां से आरोपी मन्नू को जेल भेज दिया गया है जबकि अन्य आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 17 अप्रैल को गैंगस्टर संदीप डूमा के कहने पर उक्त मिठाई की दुकान पर डर पैदा करने के लिए गोलियां चलाई थीं। और 24 अप्रैल को फोन कर 50 लाख रुपये की मांग की थी। पुलिस प्रवक्ता रविन्द्र ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से मोटरसाइकिल, हथियार बरामद किए जाएंगे। इस मामले में मुख्य आरोपी संदीप डूमा व उसके साथियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। जल्द ही वह भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।