एटीएम कार्ड बदलकर 52 हजार की ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-56 थाना क्षेत्र स्थित झुग्गियों में रहने वाले युवक से जालसाजों ने एटीएम बदलकर 52 हजार की ठगी कर ली। सूचना के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी तोइमुर अली सेक्टर-56 स्थित झुग्गी झोंपड़ी में परिवार के साथ रहता है। उसके मुताबिक सोमवार को वह अपनी पत्नी के खाते से रुपये निकालने के लिए हांगकांग बाजार के पास एक्सिस बैंक के एटीएम पर गया था। एटीएम बूथ के बाहर खड़े दो युवकों ने मदद के बहाने उसका कार्ड बदल दिया। अकाउंट से रुपये नहीं निकलने पर जब वह वापस झुग्गी आया तो मोबाइल में 52 हजार रुपये निकलने का संदेश आया। सूचना के बाद पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस और बैंक शाखा प्रबंधक को दी। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-----------