बार संचालक पर ग्राहक की पिटाई का आरोप
गुरुग्राम। बार में आए एक शख्स से बार संचालक व बाउंसरों ने मारपीट की। बाउंसरों ने उसके गले से सोने की चेन, अंगूठी सहित अन्य सामान भी छीन लिया। डीएलएफ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में साउथ सिटी निवासी आदित्य ने कहा कि वह शनिवार रात सेक्टर-29 स्थित ग्रेविटी बार गया था। बार में जब वह शराब पी रहा था, इस दौरान किसी बात पर उसकी बार मालिक से बहस हो गई। आरोप है कि बार मालिक ने अपने बाउंसरों के साथ मिलकर उससे मारपीट की। आदित्य ने फोन कर अपने भाई अभिषेक को वहां बुला लिया। बाउंसरों ने दोनों के साथ मारपीट करते हुए उनके गले से सोने की चेन, कड़ा सहित अन्य सामान छीन लिया। डीएलएफ थाना प्रभारी निरीक्षक अजयबीर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।