रास्ता न देने पर कार सवार युवकों ने की फायरिंग, चार गिरफ्तार
क्रॉसर...
- बुलेट सवार दो युवक बाल-बाल बचे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। धनवापुर रोड पर बुलेट से घर जा रहे दो दोस्तों पर कार सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में दोनों दोस्त बाल-बाल बचे। घटना के बाद पुलिस को मिली सूचना के बाद सेक्टर-9ए थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक फरार हो गया। पुलिस आरोपियों से मिली बिना नंबर की कार को भी जब्त कर जांच पड़ताल कर रही है।
पुलिस के मुताबिक बाबूपुर निवासी विशाल अपने दोस्त अविनाश के साथ बुलेट पर शनिवार शाम को अपने घर जा रहे थे। इस दौरान पीछे से बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार से वैगन आर कार आई। जिसमें सन्नी, अभिषेक, नितिन, दिनेश यादव और चुन्नीलाल कार में सवार थे। इस दौरान गाड़ी चला रहे सन्नी ने तेज हॉर्न देते हुए बुलेट सवार युवकों को साइड देने को कहा। जब तक वह साइड देते तब तक कार सवार युवकों ने देव सर्विस स्टेशन के पास उन्हें ओवरटेक करते हुए रूकवा लिया। युवकों ने दोनों दोस्तों को पिस्तौल दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। बुलेट चालक विशाल ने जब इसका विरोध किया तो गुस्साए सन्नी ने उन पर फायरिंग कर दी, जिसमें दोनों दोस्त बाल-बाल बचे। उसके बाद आरोपी गाड़ी लेकर देव सर्विस स्टेशन में घुस गए। हादसे के बाद विशाल ने पुलिस को कॉल कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के बयान के आधार पर पांचों युवकों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस दौरान आरोपी चुन्नीलाल फरार हो गया। सेक्टर-9ए थाना प्रभारी के मुताबिक जांच में सामने आया कि आरोपियों पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस घटना को लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
--