गुरुग्राम। स्वाइन फ्लू से 71 वर्षीय व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया था। पीड़ित का शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) से मरीज के सैंपल की जांच के बाद उसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि की थी। इलाज के दौरान बुधवार को मरीज की मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-48 निवासी सुरेश कुमार जैन को स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने पर 28 मार्च को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 30 मार्च को मरीज का सैंपल लेकर जांच के लिए एनसीडीसी के पास भेजा गया था।
वहां से 4 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग के पास मरीज की रिपोर्ट भेजी गई, जिसमें बीमारी की पुष्टि हुई। हालांकि इससे पहले ही 3 अप्रैल को मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. जयभगवान जाटान ने बताया कि इस वर्ष यह स्वाइन फ्लू से जिले में छठी मौत है।