परिजनों ने पुलिस आयुक्त से मिल मुठभेड़ पर उठाए सवाल
मानेसर/गुरुग्राम। गांव सहरावन की ढाणी में मंगलवार को हिस्ट्रीशीटर भंवर सिंह उर्फ भूदेव की मुठभेड़ में मौत के बाद बुधवार को उसका पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड ने न्यायाधीश की मौजूदगी में किया। उधर, भंवर के परिजनों ने पुलिस आयुक्त केके राव से मुलाकात कर मुठभेड़ को फर्जी करार दिया है। उन्होंने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की है। पुलिस आयुक्त ने डीसीपी पश्चिम सुमित को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा है।
बुधवार को भंवर की पत्नी पिंकी, मां रोशनी सहित अन्य परिजन मानेसर के ग्रामीण पुलिस आयुक्त से मिलने पहुंचे। उन्होंने मुठभेड़ पर सवालिया निशान लगाया और भंवर का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक में मेडिकल बोर्ड से करवाने की मांग की। साथ ही मामले की जांच में एसआईटी गठित करने की मांग की। जिस पर पुलिस आयुक्त ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उधर, बुधवार दोपहर को दंडाधिकारी की मौजूदगी में डॉ. दीपक माथुर व डॉ पवन चौधरी के मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। डॉ. पवन चौधरी ने बताया कि भंवर के शरीर पर 5 गोलियों के निशान थे, लेकिन उसके शरीर से दो गोलियां मिली हैं। शरीर पर मामूली चोट के निशान भी हैं। बिसरा को जांच के लिए लैब भेज दिया है। बुधवार शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।