हस्ताक्षर बदल कर चेक देने के आरोप में फंसे प्रधान
- एडीओ ने प्रधान के खिलाफ दी तहरीर
जटहा बाजार। शौचालय के लाभार्थियों का हस्ताक्षर बदलकर चेक देने के मामले में बाजुपट्टी गांव के प्रधान फंस गए हैं। एडीओ पंचायत विशुनपुरा ने बुधवार की शाम को जटहा बाजार थाने में तहरीर देकर प्रधान पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। तहरीर के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जटहा बाजार थाना क्षेत्र के बाजुपट्टी गांव में निजी धन से 13 लोगों ने शौचालय का निर्माण करा दिया था। आरोप था कि उन लाभार्थियों को भुगतान के लिए काफी दिन से प्रधान दौड़ा रहे थे। सभी लाभार्थी ब्लॉक से लेकर जिले तक शौचालय भुगतान के लिए दौड़ लगा चुके थे, लेकिन कोई फायदा नहीं हो सका। एडीओ पंचायत की सख्ती के बाद प्रधान ने 13 लाभार्थियों को 12 हजार रुपये की दर से चेक दे दिया। चेक मिलने के बाद जब लाभार्थी बैंक गए तो पता चला कि प्रधान ने कई तरह का फर्जी हस्ताक्षर कर दिए है, हस्ताक्षर में भिन्नता के कारण बैंक वाले चेक वापस कर दिए। सभी लाभार्थी इसकी शिकायत डीपीआरओ से किया। डीपीआरओ आरके द्विवेदी ने एडीओ पंचायत को इस मामले में प्रधान पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। बुधवार की शाम को एडीओ पंचायत देवेंद्र मिश्र ने थाने में प्रधान के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दे दिया।एडीओ पंचायत देवेंद्र मिश्र ने बताया कि प्रधान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दे दी गई है।एसओ शाह मुहम्मद ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगी।