गुरुग्राम सेक्टर-5 निवासी डॉक्टर दंपति को मलयेशिया की ऑनलाइन टिकट बुकिंग करानी महंगी पड़ गई। जालसाजों ने नामी कंपनी जैसी ट्रेवल वेबसाइट से टिकट बुक कराने के नाम पर डॉक्टर दंपति से 85 हजार रुपये ठग लिए। दंपति की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित डॉक्टर रोली बावा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इसी साल जनवरी महीने में मलयेशिया घूमने जाना था। बीते साल दिसंबर में नामी ट्रेवल कंपनी की वेबसाइट से एजेंट ने सस्ते दामों पर टिकट और होटल बुकिंग का झांसा दिया।
अमित नामक ट्रेवल एजेंट ने डॉक्टर दंपति से तीन बार में 85 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा बीते 24 दिसंबर को टिकट और होटल बुकिंग कंफर्म होने की बात कही। दो दिन बाद जब डॉक्टर दंपति ने जांच की तो पाया कि उनकी फ्लाइट टिकट और होटल टिकट कैंसिल हो चुकी है। इस पर पीड़ित डॉक्टर ने जब ट्रेवल एजेंट के मोबाइल नंबर पर बात करने की कोशिश की तो वह बंद मिला।
साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिक जांच में मामला सही पाए जाने पर अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक बैंक खातों की डिटेल के आधार पर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।