शराब ठेकेदार से गनप्वाइंट पर नकाबपोश बदमाशों ने 20 लाख लूटे
- दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम
- जाते समय एक का नकाब उतरा, हुई पहचान, आरोपी फरार
- एक अन्य आरोपी भी नाम से बुलाने के कारण पहचाना गया
अमर उजाला ब्यूरो
पटौदी। सोमवार को दिनदहाड़े चार नकाबपोशों ने पटौदी सब्जीमंडी स्थित शराब ठेकेदार चन्द्रभान सहगल एंड कंपनी के दफ्तर पर बैठे उसके छोटे भाई महेश सहगल उर्फ मोरू से गनप्वाइंट पर 20 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। एक नकाबपोश द्वारा दफ्तर में हवाई फायरिंग भी की गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। घटनास्थल पर डीसीपी मोहिन्द्र सिंह, एसीपी धर्मबीर सिंह, पटौदी थाना प्रबन्धक सहित पुलिस टीम संग पहुंचे, उन्होंने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महेश सहगल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह सुबह करीब 11.00 बजे भाई चन्द्रभान के दफ्तर में उनके पार्टनर सुजीत व एक अन्य व्यक्ति के साथ बैठे थे। तभी चार नकाबपोश आए। तीन दफ्तर में अंदर घुस गए और एक बाहर खड़ा हो गया। दफ्तर के अंदर घुसा एक नकाबपोश फायरिंग करते हुए कनपटी पर पिस्तौल तानकर अलमारी की चाभी मांगने लगा। इसी दौरान एक नकाबपोश ने पिस्तौल से हमला किया।
अलमारी की चाभी लेने के बाद वह उसमें रखे 20 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इसी दौरान एक नकाबपोश का नकाब चेहरे से हट गया। जिसकी पहचान अंशुल पुत्र लालसिंह में हुई जबकि दूसरे की पहचान नाम लेकर बुलाने के कारण चेटा के रूप में हुई है। पीड़ित के अनुसार लुटेरों ने भागते समय धमकी दी कि तेरे भाई चन्द्रभान को जान से मार देंगे। पटौदी थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अंशुल पुत्र लालसिंह, चेटा व दो अन्य बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस ने गोली का खोल भी बरामद किया है। इस मौके पर दुकानदारों ने कुछ समय के लिए अपनी-अपनी दुकानें बंद करके प्रशासन से मांग की कि लुटेरों को जल्द पकड़ा जाए। डीसीपी मोहिंद्र ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौका मुआयना करने के बाद आसपास के सीसीटीवी देखे जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--