ओएलएक्स पर मोबाइल बेचने के नाम पर धोखाधड़ी
गुरुग्राम। ओएलएक्स पर आईफोन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आईफोन बेचने वाले व्यक्ति ने शिकायतकर्ता से पेटीएम में रुपये ट्रांसफर करवाने के बाद भी उसे मोबाइल नहीं दिया। सेक्टर-40 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से ग्वालियर (मध्य प्रदेश) निवासी अफजल खान ने कहा, वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और सेक्टर-30 के सिलोखरा में किराये पर रहता है। नवंबर में उसने ओएलएक्स पर आईफोन का विज्ञापन देखा। विज्ञापन भीम नगर निवासी अमोल ने पोस्ट किया था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर कॉल कर उसने मोबाइल का सौदा तय कर लिया। शर्त के मुताबिक, उसने अमोल के पेटीएम में 20 हजार रुपये ट्रांसफर किए। रुपये लेने के बाद अमोल को मोबाइल कोरियर करवाना था। आरोप है कि कोरियर नहीं करवाया गया। पीड़ित ने जब उसे कॉल की तो फोन नहीं उठाया। उसने 2 दिसंबर को पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।