हत्यारोपी बुजुर्ग हरनेक की रिमांड तीन दिन बढ़वाई
गुरुग्राम। दोहरे हत्याकांड के आरोपी बुजुर्ग हरनेक सिंह को 4 दिन की रिमांड पूरी होने पर मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। जांच में सहयोग न करने व मामलों में सबूत एकत्र करने सहित मृतक दोस्त जसकरण के शरीर के अन्य अंग बरामद किए जाने का हवाला देते हुए डीएलएफ सेक्टर-29 थाना पुलिस ने रिमांड अवधि बढ़ाने की अपील की। 3 दिन की रिमांड शुक्रवार तक बढ़ा दी गई है। इस दौरान पुलिस दोबारा लुधियाना जाएगी। इसके अलावा आरोपी द्वारा बताई गई महिला के घर भी जाने की तैयारी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अजयबीर ने बताया, हरनेक ने वारदात में संलिप्त आरोपी का नाम जगदीश बताया है, लेकिन बार-बार नाम बदलने व जांच में सहयोग न करने के कारण तीसरे आरोपी की पहचान नहीं हो पा रही है। पूछताछ करने पर आरोपी बार-बार बयान बदल रहा है। आरोपी शव के बाकी हिस्सों व वारदात में इस्तेमाल हथियारों को कभी नहर में फेंकना बता रहा है तो कभी वहीं पास में ही जंगल में फेंक देने की बात कह रहा है। वारदात में संलिप्त तीसरे आरोपी के बारे में भी बुजुर्ग ने इतना ही बताया है कि वह पहले उसके पास काम करता था और उत्तराखंड का रहने वाला है।
20 अक्तूबर को डीएलएफ फेज-2 के जे ब्लॉक में एक बुजुर्ग दंपती अपने फ्लैट में खून से लथपथ मिला था। जांच में सामने आया कि बुजुर्ग हरनेक ने ही अपनी पत्नी गुलमेहर की हत्या की है। आरोपी से पूछताछ में उसने बताया था कि उसने पत्नी व एक अन्य युवक के साथ मिलकर अपने दोस्त जसकरण की भ्री हत्या कर दी थी। जसकरण ने उसके पास अपने प्लॉट के 50 लाख रुपये रखे हुए थे। यह रुपये भी पुलिस ने हरनेक सिंह के बैंक खाते से बरामद कर लिए हैं। आरोपी की निशानदेही पर जसकरण के धड़ व एक हाथ को लुधियाना के दोराहा की भाखड़ा नहर के पास से बरामद किया गया। शरीर के शेष अंग (सिर, हाथ, पैर) बरामद नहीं हो सके हैं।