प्लॉट गिरवी रखने के नाम पर 1.50 करोड़ की धोखाधड़ी
गुरुग्राम। प्लॉट गिरवी रखकर 1.50 करोड़ रुपये लेने व रुपये वापस करने के लिए चैक बाउंस करवाने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपियों में 3 एक ही परिवार के लोग हैं, जिनमें
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में झाड़सा निवासी भगत ठाकरान ने कहा कि उनकी दोस्ती सिकंदरपुर निवासी राज कुमार से है। राज कुमार ने उन्हें अपने दोस्त अशोक कुमार मोंगा से वर्ष 2013 में मिलवाया था। अशोक का बेटा गौरव मोंगा व बेटी उषा मोंगा भी उसके घर पर मिलने आए थे। मिलने के दौरान अशोक मोंगा ने बताया कि उनकी बेटी को 1.50 करोड़ रुपये की जरूरत है इसके बदले वे कुतुब इंकलेव डीएलएफ में अपना 429 वर्गगज का प्लॉट गिरवी रखना चाहते हैं। रुपये 10 अक्तूबर 2017 तक अशोक का बेटा गौरव लौटा देगा। यदि वे रुपये वापस नहीं करते तो वे अपने प्लॉट की रजिस्ट्री उनके हक में करवा देंगे। इसके बाद भगत ठाकरान ने उन्हें रुपये दे दिए और गौरव ने पावर ऑफ अटॉर्नी उनके नाम पर करवा दी। निर्धारित समय पर उन्होंने रुपये मांगें, लेकिन आरोपी आनाकानी करने लगे। दबाव देने पर उन्होंने उन्हें चेक दे दिया, जो अकाउंट में जमा कराने पर बाउंस हो गया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से संपर्क कर रुपये लौटाने की फिर बात की, लेकिन उन्होंने रुपये वापस करने से मना कर दिया। उन्होंने 9 जनवरी 2018 को पुलिस उपायुक्त को शिकायत दी। पुलिस ने जांच में मामला सही पाया जिसके बाद शनिवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।