बैंक में 40 हजार की धोखाधड़ी, कार्ड बदल एटीएम से निकाले रुपए
गुरुग्राम। बस स्टैंड स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में निजी कंपनी कर्मी को लाइन में लगे युवक से खुल्ले रुपये लेना भारी पड़ गया। शातिर युवक ने बातों में लगाकर युवक को 40 हजार की चपत लगाकर फरार हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक दयानंद कॉलोनी निवासी युवक दिनेश कुमार निजी कंपनी में कार्यरत है। बृहस्पतिवार को वह पीएनबी की बस स्टैंड शाखा में 40 हजार रुपये जमा कराने गया था। बैंक के अंदर लाइन में लगे होने के दौरान उसके आगे खड़े युवक ने बातों में बहलाते हुए उससे कहा कि उसके पास दो लाख रुपये के खुल्ले पैसे हैैं। 500-500 रुपये के नोट के बदले दो-दो हजार रुपये के नोट दे दो। कंपनी कर्मी ने उसकी बातों में आकर 40 हजार रुपये दे दिए। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने उसे बातों में लगाकर पता ही नहीं चला कि कब वह मौके से फरार हो गया। ठगे जाने का अहसास होते ही उसने बस स्टैंड चौकी में शिकायत दर्ज कराई जिस पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। चौकी प्रभारी देवेंद्र मान के मुताबिक शुक्रवार को सरकारी अवकाश होने की वजह से बैंक से सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल सकी। शनिवार को फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश की जाएगी। वहीं दूसरी ओर एक अन्य मामले में गुरुग्राम के सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में रहने वाले निजी कंपनी कर्मी मूलरूप से गोरखपुर निवासी अशोक कुमार के एटीएम कार्ड से एक शातिर ने रुपए निकाल लिए गए। 21 नवंबर को ज्योति पार्क स्थित एचडीएफसी बैंक एटीएम में एक युवक ने धोखे से अशोक कुमार का एटीएम कार्ड बदलकर 23,500 रुपये की ठगी कर ली। पुलिस के मुताबिक एटीएम में अशोक कुमार ने पीछे खड़े शख्स से मदद मांगी थी। मदद के बहाने युवक ने कार्ड बदल दिया।