छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नौकरी से निकाले जाने की बौखलाहट में जापानी कंपनी मित्सुबा के एचआर मैनेजर पर हमला करने एवं कंपनी प्रबंधन को धमकी देने के मामले में एसआईटी ने बृहस्पतिवार को 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में अब तक पुलिस करीब 40 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा एसआईटी ने गुरुग्राम सहित दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी भी की।
एसआईटी में शामिल पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में टीम ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न सबूत एकत्रित किए हैं। आरोपी जोगेंद्र के दोस्तों से भी पूछताछ कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। जल्द अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एचआर मैनेजर दिनेश कुमार पर 7 जून को बाइक सवार बदमाशों ने उस वक्त हमला कर दिया था जब वह अपनी गाड़ी से पथरेड़ी स्थित कंपनी जा रहे थे। इस घटना में उनकी गर्दन में गोली लगी थी जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों मुख्य आरोपियों जोगेंद्र एवं दयाराम को गिरफ्तार कर लिया था। वारदात में शामिल अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं। एसीपी पटौदी बीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है।