विवाहिता पर उड़ेला खौलता पानी, केस दर्ज
गुरुग्राम। सेक्टर-50 थाना क्षेत्र के अंतर्गत जलविहार कॉलोनी में बहू पर ससुराल पक्ष ने खौलता पानी डाल दिया। महिला अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद सेक्टर-50 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच महिला का बयान दर्ज किया। उसने सेना में बतौर कुक कार्यरत पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मूलरूप से आगरा निवासी दयानंती (28) की करीब आठ साल पहले गुरुग्राम में रहने वाले उमेश से शादी हुई। शादी के तीन साल बाद उनमें झगड़ा-मारपीट शुरू हो गया। जिसमें आगरा न्यायालय में मामला लंबित है। आरोप है कि चार दिसंबर को वह किचन में थी इस दौरान उसकी ननद ने उसके ऊपर खौलता पानी डाल दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति, सास, ससुर और देवर ने उसके साथ बदसलूकी की। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। मामले की जांच कर रही महिला हेड कांस्टेबल मंजू के मुताबिक अभी जांच की जा रही है।