रिटायरमेंट बोनस के नाम पर ब्रिगेडियर से 35 हजार की धोखाधड़ी
गुरुग्राम। सेना से सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर को रिटायरमेंट बोनस देने के नाम पर व्यक्तिगत जानकारी लेने व उसके साथ 35 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सदर थाना पुलिस ने दर्ज किया है। आरोपियों ने ब्रिगेडियर को फोन कर 3.5 लाख रुपये देने का झांसा दिया था। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सेक्टर-39 निवासी रिटायर्ड ब्रिगेडियर आरके यादव ने शिकायत में बताया कि 23 फरवरी को राजीव जैन नामक व्यक्ति ने खुद को प्रिंसीपल कंट्रोलर ऑफ डिफेंस अकाउंट्स पुणे कार्यालय से बताते हुए 3.5 लाख रुपये का रिटायरमेंट बोनस देने की बात कही। इसके लिए राजीव ने अपने इंचार्ज अधिकारी कर्नल केके कपूर का नंबर ब्रिगेडियर को दिया।
ब्रिगेडियर ने कर्नल कपूर से बात की तो उन्होंने बताया कि रिटायरमेंट बोनस के लिए उन्हें आरबी सॉल्यूशन की सदस्यता लेनी होगी, इसके लिए उन्हें 35 हजार रुपये बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करने होंगे। उन्होंने रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिये। इसके बाद दोनों आरोपियों से संपर्क नहीं हुआ। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच में मामला सही पाया। सदर थाना पुलिस का कहना है कि जांच जारी है।