शराबी की झूठी सूचना से दो घंटे भटकी पुलिस
गुरुग्राम। पुलिस के मंगलवार को उस वक्त होश उड़ गए जब कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक मजदूर को कटारिया चौक के पास जिंदा दफनाया जा रहा है। करीब दो घंटे तक खोजबीन के बाद जब पुलिस ने सूचना देने वाले नंबर को फोन किया तो फोन बंद मिला। सूचना देने वाले नंबर की खोजबीन करने पर पता लगा कि नंबर किसी शराबी का है, जिसने झूठी सूचना दी।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में अतुल कटारिया चौक पर एक मजदूर को कुछ लोगों द्वारा जिंदा दफनाने की सूचना मिली। जिसके बाद कंट्रोल रूम ने सेक्टर-14, सेक्टर-18, सेक्टर-5 के थानों को अलर्ट करते हुए पीसीआर व राइडर को मौके पर भेजा। अपराध शाखा की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने चौक पर पहुंचने के बाद आसपास चल रहे कार्यों सहित विभिन्न निर्माण स्थलों पर भी जांच की। करीब दो घंटे तक तलाश करने के बाद भी पुलिस को कुछ संदिग्ध नहीं मिला, जिस पर कंट्रोल रूम में फोन करने वाले व्यक्ति के मोबाइल पर कॉल लगाई गई, लेकिन नंबर बंद मिला। पुलिस ने नंबर को ट्रेस किया। सेक्टर-18 थाना प्रभारी निरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि जांच के बाद पता लगा कि जिसने कंट्रोल रूम में फोन किया था वह शराबी है और धुत होकर पुलिस को झूठी सूचना दी थी।