छह घंटे तक छत पर छिपे रहे थे दो आरोपी
गुुरुग्राम। नौ दिसंबर की रात पुरानी दिल्ली रोड स्थित पीसी ज्वैलर्स (पीसीजे) के शोरूम में हुई करोड़ों के जेवरात की चोरी की सनसनीखेज वारदात में मुख्य साजिशकर्ता रहे जफर ने खुलासा किया है कि उसकी शह पर ही दो आरोपी छह घंटे तक शोरूम की छत पर छिपे रहे थे। बाद में देर रात अपने साथियों के साथ चोरी को अंजाम देकर भाग निकले थे। पुलिस ने वारदात में प्रयोग किए गए हथौड़ा, कटर और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों की मौजूदगी में क्राइम सीन को दोहराया। अपराध शाखा सेक्टर-17 के अलावा सेक्टर 14 थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम की मौजूदगी में आरोपी जफर ने खुलासा किया कि इस पूरी वारदात को उसके इशारे पर अंजाम दिया गया। वारदात को अंजाम देने के लिए जफर ने ही दूसरे साथी सफीबुल इस्लाम को शोरूम में काम पर रखवाया था। दोनों शोरूम में हाउस कीपिंग का काम करने लगे। सुनियोजित तरीके से वारदात से ठीक चार दिन पहले सफीबुल काम छोड़कर चला गया। जफर ने कबूला है कि वारदात की शाम को ही उसके दो साथियों को उसने छत पर छिपा दिया था। जहां वे आधी रात तक छिपे रहे। रात को पूरा रास्ता सुनसान होने के बाद वारदात को अंजाम दिया। वारदात में प्रयोग किए उपकरणों को जफर ने सेक्टर-48 स्थित अपने कमरे से छोड़ दिया था और बांग्लादेश सीमा की तरफ रवाना हो गए थे।
------
फरार आरोपियों के बारे में कई अहम सुराग मिले हैं जिनके आधार पर लिंक जोड़े जा रहे हैं। जल्द अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शमशेर सिंह, डीसीपी क्राइम, गुरुग्राम पुलिस