कैंटर-ऑटो की टक्कर में एक की मौत, 12 घायल
क्रॉसर...
- डाक्टरों ने छह की हालत बताई गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
सोहना। कस्बा सोहना-पलवल मार्ग पर स्थित विट कॉलेज के पास तीन वाहनों के आपस में टकराने से ऑटो में सवार 12 लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों को सोहना अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इनमें छह लोगों की हालत गंभीर है। दुर्घटना के बाद अज्ञात कैंटर चालक वाहन को छोड़कर मौके से भाग निकला। सोहना पुलिस ने कैंटर कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार प्रात: सोहना-पलवल मार्ग पर स्थित गांव सांचौली के समीप कैंटर चालक ने सवारियों से भरे ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो सवार गांव मोहबा जिला अगोरा यूपी निवासी राजू ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ पलवल से सोहना आ रहा था। जब वह सोहना के नजदीक विट कॉलेज के पास पहुंचे, तो कैंटर चालक ने पहले एक कार में टक्कर मारी, जिससे ऑटो पलट गया। जिसमें सवार बबलू, नरेश, बिमला, विकास, छाया, बल्लू, लक्ष्मण, कमलेश, रमेश विमला, कपूरी व कश्मीरी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक 5 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। दुर्घटना में 35 वर्षीय रामू की मौके पर ही मौत हो गई। सोहना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सोहना सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। डॉक्टरों ने आधा दर्जन लोगों को ज्यादा चोटें लगने पर गंभीर हालत बताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोहना पुलिस के एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अज्ञात कैंटर चालक की तलाश में जुटी है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
......