महंगे ब्रांड के नकली कपड़े बेचते पकड़ा
गुरुग्राम। बसई रोड पर महंगे ब्रांड के नकली कपड़े बेचते एक दुकानदार को पकड़ा है। पुलिस को दी शिकायत में पटेल नगरढ निवासी मोहम्मद आरिफ ने कहा कि वह मुफ्ती ब्रांड में ब्रांड प्रोटेक्शन अधिकारी हैं। उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी कंपनी के ब्रांड के नकली कपड़े मार्केट में बेचे जा रहे हैं। इस पर उन्होंने जांचा तो पाया कि रोहतक निवासी नवीन बसई रोड पर कपड़े का शोरूम बनाकर घटिया क्वालिटी के कपड़े उनके ब्रांड के नाम से बेच रहा है। इस पर पुलिस ने उसे काबू कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली के टैंक रोड से लाकर यहां बेचता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो
जेल में कैदी कर रहा था मोबाइल पर बात
गुरुग्राम। भोंडसी मॉडर्न जेल प्रशासन ने कैदी को मोबाइल पर बात करते पकड़ा है। शनिवार को जेल प्रशासन ने बैरक में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बैरक 1बी में हवालाती कैदी दौलताबाद निवासी नीरज मोबाइल पर बात कर रहा था जिसे जेल प्रशासन ने दबोच लिया। शिकायत मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो
युवक से छीनी नकदी व मोबाइल
गुरुग्राम। बादशाहपुर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति से नकदी व मोबाइल छीनने का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में सोहना की ढाणी निवासी संदीप सैनी ने कहा कि शनिवार रात को वह एसपीआर रोड से जा रहा था। इस दौरान कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और उससे पर्स, मोबाइल व 800 रुपये नकदी छीन लिए और फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो