लॉर्ड्स मैदान पर 142 साल में पहली बार खेले गए महिला टेस्ट मैच में दर्ज की शानदार जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा इंग्लैंड को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट मैच में हराने के बाद जिले की महिला क्रिकेटरों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। क्रिकेट की दुनिया में क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान पर 142 साल के इतिहास में पहली बार महिला टेस्ट मैच खेला गया और भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
यह जीत जिले की महिला खिलाड़ियों के लिए बड़ा प्रेरणास्रोत बनी है। खिलाड़ियों का कहना है कि भारतीय महिला टीम की इस जीत से हमें क्रिकेट में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है। जिले में विभिन्न क्रिकेट अकादमियों में प्रशिक्षण ले रहीं महिला खिलाड़ी अब भारतीय टीम की इस सफलता को अपने सपनों से जोड़कर देख रही हैं। खिलाड़ियों का मानना है कि यदि लगातार बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलते रहे तो आने वाले समय में गुरुग्राम की खिलाड़ी भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं।
इंग्लैंड को उसी के घर में हराना बहुत बड़ी बात
भारतीय टीम की यह जीत हमारे लिए गर्व का पल है। लॉर्ड्स जैसे ऐतिहासिक मैदान पर जीत हासिल करना दिखाता है कि भारतीय महिला क्रिकेट अब दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में शामिल हो चुकी है। -रिजुल, गेंदबाज
पहली बार लॉर्ड्स में महिला टेस्ट मैच खेला जाना ही ऐतिहासिक था। मेरा भी सपना है कि मैं लॉर्ड्स जैसे बड़े मैदान में खेलूं और देश को ट्रॉफी दिलाऊं। मुझे हरमनप्रीत जैसा खिलाड़ी व कप्तान बनना है। -उनिका भाटिया, ऑल-राउंडर
उनकी सफलता से हमें भी कड़ी मेहनत करने और बड़े स्तर पर खेलने की प्रेरणा मिलती है। मेरा पसंदीदा फॉर्मेट टेस्ट ही है। मुझे महिला क्रिकेट में एक सफल खिलाड़ी बनना है। - अंकिता, गेंदबाज
यह जीत केवल भारतीय टीम की नहीं, बल्कि देश की हर महिला क्रिकेटर की जीत है। इंग्लैंड को उसी के घर में हराना बहुत बड़ी बात है। मेरा सपना है कि मैं भी एक दिन देश के लिए ऐसे ही प्रदर्शन करू। - नेहा वर्मा, बल्लेबाज