अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। इफको चौक फ्लाईओवर के समांतर फोर लेन फ्लाईओवर के बीच में करीब पचास फीट लंबी दरार पड़ गई है, जो चार से पांच इंच चौड़ी है। इससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। कुछ दिन से बाइक और कार सवारों को झटके लग रहे हैं। उनका कहना हैं कि दरार के कारण हादसा होने की संभावना प्रबल है और रात के दौरान बहुत खतरनाक साबित हो सकती है।
एनएचएआई के अधिकारियों ने कहा कि एक्सपेंशन ज्वाइंट में मामूली दरार आ गई है और प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाएगा। बता दें कि इफको चौक फ्लाईओवर के समांतर फ्लाईओवर साल 2019 में चालू होने के बाद से क्षतिग्रस्त हो गया था। अगस्त 2021 में भारी बारिश के कारण इसके नीचे सीवेज नाली क्षतिग्रस्त होने के बाद फ्लाईओवर की रिटेनिंग दीवार ढह गई, जिसकी मरम्मत की गई और फ्लाईओवर को चालू कर दिया गया। 84 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण 38.73 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था और फ्लाईओवर को फरवरी 2019 में यातायात के लिए खोल दिया गया था।