पुलिस ने दी दबिश आरोपी मौके से भाग गए, 93 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस व 5 गोवंश सहित अन्य सामान बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। उपमंडल के औथा गांव के जंगलों में गोकशी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पिनगवां पुलिस ने मौके से पांच गोवंश सहित 93 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस व 2 गोवंश की खाल बरामद की। रात का समय होने के कारण आरोपी पुलिस टीम को देखकर भाग निकले। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पिनगवां थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि पुलिस की एक टीम शाह चोखा बस स्टैंड पर मौजूद थी। उसी समय पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि इकबाल, साहिल और जाकिर तीनों मिलकर गोकशी करते हैं। आरोपी प्रतिबंधित मांस के छोटे-छोटे टुकड़े कर पॉलीथिन में भरकर बाइक से गांवों में सप्लाई करते हैं। तीनों आरोपी गांव से थोड़ी दूरी पर जंगल में गोकशी कर रहे हैं, जहां कुछ गोवंशों को काट दिया है व कुछ गोवंश जिंदा हैं। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी तो आरोपी टॉर्च की रोशनी जलाकर गोकशी करते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर आरोपी इधर-उधर भाग गए।
पुलिस ने मौके से अलग-अलग ड्राम में भरा हुआ 93 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, दो गोवंश की खाल, पांच जिंदा गोवंश, पांच छुरी, एक बाइक, दो कुल्हाड़ी, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, लकड़ी गुटका सहित गोकशी में प्रयोग अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बाइक पर खुर्जी लगाकर गोमांस को सप्लाई करने के लिए तैयार थे। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।