जोन-1 क्षेत्र में की कार्रवाई, निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बकायदारों को जल्द टैक्स जमा करने की हिदायत दी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टरों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को जोन-1 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह प्रॉपर्टीज को सील किया गया। इन सभी प्रॉपर्टीज पर कुल मिलाकर लगभग 1 करोड़ 32 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है।
मंगलवार को जोनल टैक्सेशन अधिकारी पंकज कुमार के नेतृत्व में टैक्स इंस्पेक्टर पंकज सलूजा एवं उनकी टीम ने सीलिंग की यह कार्रवाई पूरी की। निगम अधिकारियों के अनुसार, खेड़की दौला क्षेत्र में स्थित दो प्रॉपर्टीज पर क्रमश 30.82 लाख और 19.72 लाख रुपये का टैक्स बकाया था। वहीं, मोहम्मदपुर झाड़सा क्षेत्र की दो प्रॉपर्टीज पर 27.35 लाख रुपये व 22.65 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स लंबित पाया गया। इसके अतिरिक्त नरसिंहपुर क्षेत्र में स्थित एक प्रॉपर्टी पर 14.04 लाख रुपये और पेस सिटी-1 में स्थित एक प्रॉपर्टी पर 18.17 लाख रुपये का बकाया होने के कारण नगर निगम द्वारा इन्हें भी सील किया गया। निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम की आय का प्रमुख स्रोत है, जिससे शहर की स्वच्छता, सड़क, सीवर, जलापूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं का संचालन किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने वाले बकायदारों के खिलाफ सीलिंग जैसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने सभी प्रॉपर्टी मालिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करें, ताकि किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। नगर निगम गुरुग्राम आने वाले दिनों में टैक्स डिफॉल्टरों के विरूद्ध अभियान और तेज करेगा।