संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य कमेटी के आह्वान पर बृहस्पतिवार को गुरुग्राम नगर निगम के कर्मचारियों ने पुराने नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। संघ राज्य सचिव सुशीला देवी, संघ के वरिष्ठ नेता राजेश कुमार, इकाई वरिष्ठ उप प्रधान सम्मी, उप प्रधान ज्ञान चंद, योग पाल, सह सचिव सीमा देवी, कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा, सलाहकार गब्बर सिंह ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के साथ लगातार वादाखिलाफी कर रही है। संघ ने 29 जून को विभागीय मंत्री विपुल गोयल के आवास पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया था। उन्होंने एक सप्ताह में सभी मांगों के समाधान का ठोस आश्वासन दिया था लेकिन डेढ़ महीना बीत जाने पर भी मांगों का समाधान नहीं किया गया।
इकाई प्रधान बसंत कुमार ने बताया कि इसी कड़ी में 10-11 सितंबर को क्रमिक भूख हड़ताल कर राज्य के सभी विधायकों को ज्ञापन देंगे। 26 सितंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्तों को ज्ञापन देंगे। 18 अक्टूबर को हजारों की संख्या में सफाई, दफ्तर व अग्निशमन के कर्मचारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि फिर भी मांगो का समाधान नहीं हुआ तो उसी मौके पर राज्यस्तरीय आंदोलन की घोषणा करेंगे।
धरना-प्रदर्शन में रविंद्र, तेजपाल, मीनू देवी, दया गुर्जर, सुरेंद्र टॉक, कैलाश, समीर दास, पिंकी, कमला देवी, सुनीता, किशन लाल, व अशोक कुमार, चंद्र आदि मौजूद रहे।