जिले में शुक्रवार को 9 और मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इसी के साथ अब तक सामने आए कुल कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 126 हो गई है। इसमें से 51 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 75 मरीज विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। मरीजों को आइसोलेट करने के साथ ही परिजनों को भी होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को मिले मरीजों में से मोहित अस्पताल के 2 कर्मचारी, एक मरीज सेक्टर-107, एक मरीज खांडसा सब्जी मंडी से संबंधित, एक मरीज सरहौल, एक मरीज मारला गुरुग्राम, एक मरीज शिवाजी पार्क व एक मरीज डीएलएफ फेज-4 का निवासी है।
हालांकि एक पुलिसकर्मी की रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी, लेकिन बाद में दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आ गई। शुक्रवार को 277 कोरोना संदिग्धों से नमूने लिए गए, जिसमें से 113 शासकीय लैब व 164 निजी लैब में जांच के लिए भेजे गए। इसके साथ ही कोविड-19 की जांच के लिए नमूने देने वालों की संख्या भी बढ़कर अब 7820 पहुंच गई है। इसमें से 7236 निगेटिव पाए गए हैं जबकि 458 मरीजों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
सब्जी मंडी के 8 विक्रेताओं को किया होम क्वारंटीन
फर्रुखनगर सब्जी मंडी के आठ सब्जी विक्रेताओं से कोविड-19 की जांच के लिए नमूने लिए गए थे। शुक्रवार को उन्हें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी अरुणा सांगवान के नेतृत्व में होम क्वारंटीन कर दिया गया और उनके घरों के बाहर 14 दिन घर में रहने संबंधी पर्ची भी चिपका दी गई। कोरोना संदिग्धों के परिजनों को भी बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी गई है।