गुरुग्राम। कोरोना टीकाकरण के मामले में गुरुग्राम जिला रफ्तार पकड़ रहा है। स्थिति यह है कि शनिवार को लक्ष्य से ज्यादा लोगों में टीकाकरण किया गया। टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 600 फ्रंटलाइन वर्कर्स का लक्ष्य रखा था जबकि कुल 622 लोगों में टीकाकरण किया गया। इससे पहले टीकाकरण की शुरुआत वाले दिन 16 जनवरी को लक्ष्य से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया था।
उस दिन 600 स्वास्थ्यकर्मियों में टीकाकरण का लक्ष्य था जब कि 608 स्वास्थ्यकर्मियों को लगाया गया था। शनिवार को 100 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया था जबकि 113 स्वास्थ्यकर्मियों को लगाया गया। वहीं, पुलिस विभाग में 500 का लक्ष्य था जबकि 509 पुलिसकर्मियों को कोरोना टीके की पहली डोज दी गई। हालांकि, शनिवार को किसी भी व्यक्ति को दूसरी डोज नहीं दी गई। लक्ष्य से ज्यादा टीकाकरण किए जाने के पीछे एक बड़ी वजह यह थी कि शनिवार तक ही फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीकाकरण में प्राथमिकता दी जानी थी। अब फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी सामान्य रूप से कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी।