गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम होने के साथ ही जिले के रिकवरी रेट में काफी सुधार देखने को मिला है। अब रोजाना आने वाले नए मरीजों के मुकाबले स्वस्थ होने वालों की संख्या कई गुना ज्यादा रहती है। इसी क्रम में सोमवार को मई माह के बाद अब तक के एक दिन में सबसे कम 212 नए मरीज आए तो वहीं 5 गुना से ज्यादा 1252 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया।
संक्रमण का दायरा अब भले ही कम हो रहा हो लेकिन कोरोना से हो रही मौतों पर लगाम नहीं लग रही है। इसी क्रम में सोमवार को भी जिले में 9 संक्रमितों की मौत हुई। इसी के साथ अब जिले में कोरोना के चलते होने वाली मौतों का आंकड़ा बढ़कर 763 पर पहुंच गया है। 212 नए मरीज आने के बाद अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 78 हजार 849 पर पहुंच गया है, जिसमें से 3936 मरीज जिले में सक्रिय हैं।
वहीं, 1 लाख 74 हजार 150 संक्रमित अब तक स्वस्थ हो चुके हैं।
अब जिले के अस्पतालों में 1758 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि कोविड केयर सेंटर में 21 मरीजों का इलाज चल रहा है। साथ ही 2157 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। सोमवार को जिले में 9250 लोगों ने कोरोना की जांच के लिए नमूने दिए, जिसमें से 4751 ने रैपिड एंटीजन जांच व 4499 मरीजों ने आरटी-पीसीआर जांच के लिए नमूने दिए। अभी 1646 लोगों की जांच रिपोर्ट लंबित है।