गुरुग्राम। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना के 288 नए संक्रमित मरीज मिले, जबकि 187 को स्वस्थ घोषित किया गया। इसी के साथ गुरुग्राम में कुल संक्रमितों की संख्या अब बढ़कर 19088 हो गई है। राहत की बात यह रही कि बृहस्पतिवार को जिले में एक भी मरीज की मौत नहीं हुई और मृतकों की संख्या 167 पर सीमित रही। 288 नए मरीजों के आने के बाद अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2990 हो गई है, जिसमें से 2732 मरीज होम आइसोलेट हैं।
अब तक कोरोना की चपेट में आए 19088 लोगों में से 15931 मरीज कोरोना को मात देकर स्वस्थ भी हो चुके हैं। नए मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण मरीजों के स्वस्थ होने का अनुपात लगातार नीचे आ रहा है। अब 83 फीसदी मरीज ही स्वस्थ हैं। बृहस्पतिवार को जिले में 3034 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई, जिसमें से 2117 लोगों की आरटी-पीसीआर किट के जरिये जांच की गई जबकि 917 की रैपिड एंटीजन किच के जरिए जांच की गई।