एसडीएम ने कहा-हाईकोर्ट के आदेशों की होगी पालना, व्यापारियों में विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। नगर में सब्जी मंडी के स्थानांतरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। हाईकोर्ट के सख्त निर्देश हैं कि 23 मई 2025 से पहले पुरानी सब्जी मंडी को इसके निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। तावडू एसडीएम संजीव कुमार ने स्पष्ट किया है कि हाईकोर्ट के आदेशों की पालना सुनिश्चित की जाएगी और इसके लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति हो चुकी है। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण नियमों के तहत होगा और किसी भी राजनीतिक दबाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हालांकि, कुछ आढ़तियों ने मंडी स्थानांतरण का विरोध शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि नई जगह असुरक्षित है, जहां चोरी और लूट जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। कुछ व्यापारियों ने तो कहा कि वे अपना काम-धंधा बंद कर देंगे, लेकिन मंडी को दूसरी जगह नहीं जाने देंगे। दूसरी ओर, आढ़ती शांति स्वरूप शर्मा (आढ़त 299) और नितिन कुमार (जेवी ट्रेडिंग, आढ़त 332) ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर स्थानांतरण की मांग की थी। इनका तर्क है कि उन्होंने सरकार को 30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा कर आढ़तें खरीदी हैं और लंबे समय से स्थानांतरण के लिए संघर्ष कर रहे हैं। शुक्रवार को कुछ मंडी व्यापारियों ने स्थानीय विधायक तेजपाल तंवर से मुलाकात कर स्थानांतरण प्रक्रिया पर रोक लगाने की अपील की। विधायक ने व्यापारियों के साथ बैठक की, जिसमें एसडीएम और मार्केट कमेटी सचिव भी शामिल थे। विधायक ने व्यापारियों को आश्वासन दिया, जिसके बाद चर्चा शुरू हो गई कि मंडी स्थानांतरण फिर से राजनीतिक दबाव की भेंट चढ़ सकता है।