रिश्वत नहीं देने पर ठेकेदार नहीं कर रहा गेहूं का उठान
ठेकेदार की मनमानी
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। अनाज मंडी में गेहूं का उठान नहीं होने से व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों ने ठेकेदार पर उठान के एवज में दस रुपये क्विंटल रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। व्यापारियों ने पुन्हाना तहसीलदार व मार्केट कमेटी के अधिकारियों से भी शिकायत की है। व्यापारियों ने उपायुक्त प्रदीप दहिया से ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई करने के साथ ही समय पर उठान कराने की मांग की है।
व्यापार मंडल प्रधान संजीव सिकरैया, पूर्व प्रधान मंगतराम, नवीन मंगला, योगेश मंगला, गौरव, मोहन लाल, दीपक तिवारी, घनश्याम गोयल, अकील बालौत, घनश्याम उपाध्याय सहित व्यापारियों ने बताया कि प्रशासन द्वारा सरकारी खरीद के गेहूं को उठाने के लिए परिवहन का ठेका महेंद्र को दिया गया है। जिसकी एवज में सरकार द्वारा भाड़ा भी दिया जाता है, लेकिन ठेकेदार और उसकी गाड़ियों के ड्राइवर गेहूं उठान के लिए व्यापारियों से 10 रुपये क्विंटल अतिरिक्त शुल्क रिश्वत के तौर पर मांग रहे हैं, जबकि व्यापारी को उठान का कोई भी खर्चा देना नहीं होता है। शनिवार को अनाज मंडी के दौरे पर पहुंचे तहसीलदार गीताराम के साथ ही मार्केट कमेटी के अधिकारियों के समक्ष भी व्यापारियों ने यह मामला रखा है।
जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग के कंट्रोलर राजेश्वर मुदगिल ने कहा कि व्यापारियों से अगर ठेकेदार द्वारा किसी प्रकार की मांग की जा रही है तो वो पूरी तरह से गलत है। इस पर ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। गेहूं का समय पर उठान कराया जाएगा।
चित्र परिचय : तहसीलदार के समक्ष ठेकेदार द्वारा रिश्वत मांगने का मामला रखते व्यापारी।