गुरुग्राम न्यू कॉलोनी क्षेत्र में सीलिंग का बाद भी लोगों का आवागमन जारी
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। कोरोना के बढ़ते केसों को लेकर जिला प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन तो बना दिए, लेकिन उन पर निगरानी नहीं होने से खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा है। पुराने शहर की आधा दर्जन से अधिक सील कॉलोनियों में बाहर पुलिस का पहरा है, लेकिन अंदर दुकानों से लेकर लोगों की आवाजाही वैसी ही चल रही है। इसके अलावा पुलिस की लापरवाही से कई कॉलोनियों में लोगों ने खुद ही बैरिकेड और बांस बल्ली हटा दिए हैं।
मदनपुरी, ज्योति पार्क, न्यू कॉलोनी, खांडसा रोड के आसपास की कई सील कॉलोनियों के अंदर लोग खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। यहां देर रात तक लोग घूमते फिरते रहते हैं। इतना ही नहीं कंटेनमेंट जोन में कई दिन बीत जाने के बाद पुलिस की निगरानी कम होने से लोग धड़ल्ले से रास्ते खोलकर गाड़ियां, वाहन लेकर आवाजाही कर रहे हैं। इससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है। मदनपुरी में तो स्थानीय लोगों ने एक रास्ते को ही खोल दिया। जबकि कागजों में वह रास्ता सील है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र सील होने के बाद कोई अधिकारी निगरानी के लिए नहीं आया इसका स्थानीय लोग फायदा उठा रहे हैं।
दुकानदारों पर महंगा सामान बेचने का आरोप
गांधी नगर, मदनपुरी, खांडसा रोड स्थित कई कॉलोनियों में बने कंटेनमेंट जोन में रहने वाले लोगों ने स्थानीय दुकानदारों पर महंगा सामान बेचने का आरोप लगाया है। कई गलियों को पूरी तरह सील कर दिए जाने से लोगों को स्थानीय दुकानों से सामान खरीदना पड़ता है इसका दुकानदार बखूबी फायदा उठा रहे हैं
सदर बाजार में भीड़ पर कंट्रोल नहीं
प्रशासन के लाख कोशिशों के बावजूद सदर बाजार में भीड़ पर कंट्रोल नहीं किया जा रहा। मंगलवार को भी बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। दुकानों में ग्राहकों के साथ दुकानदार भी बिना मास्क के दिखे। बाजार में कहीं भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता नहीं दिखा। बाजार के दोनों छोर पर पुलिस की तैनाती के बावजूद लोग नियमों का धड़ल्ले से उल्लंघन करते दिखे।